लखनऊ

मंत्री ए.के.शर्मा ने हरित विकास और जल भराव मुक्त लखनऊ के दृष्टिगत किया कई योजनाओं का निरीक्षण

वर्षा ऋतु से पूर्व विकास कार्यों को पूरा करने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

लखनऊ

हरित विकास और जल भराव मुक्त लखनऊ के दृष्टिगत मंत्री  ए.के. शर्मा ने किया कई योजनाओं का निरीक्षण

वर्षा ऋतु से पूर्व विकास कार्यों को पूरा करने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

शक्ति वन में वृहद वृक्षारोपण, नालों की सफाई एवं अन्य निर्माण कार्यों में तेजी लाए जाने के कड़े निर्देश

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जल निकासी से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरों को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

सर्वप्रथम मंत्री शर्मा ने अयोध्या रोड एवं कुकरैल नदी के किनारे अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर उपवन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे प्रगतिमान ‘शक्तिवन’ का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व यहां व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण का कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और शहर के हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इसके उपरांत मंत्री श्री शर्मा ने मैथिलीशरण गुप्त वार्ड क्षेत्र में जल निकासी के मुख्य नाले का गाजीपुर थाने के निकट निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अयोध्या रोड से मिलान बिंदु पर नाले की आवश्यक कवरिंग कराई जाए तथा पुनः सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जल प्रवाह सुचारु बना रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री श्री शर्मा ने सेक्टर-डी, इंदिरा नगर में नव निर्मित नाले का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि इस नाले के निर्माण से क्षेत्र में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। मंत्री ने निर्देश दिए कि कलेवा तिराहे पर स्थित मुख्य मिलान बिंदु की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। निरीक्षण कार्यक्रम में मंत्री एके शर्मा ने सेक्टर-डी स्थित मुंशी पुलिया के पास निर्माणाधीन नाले का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पूर्व इस परियोजना को हर हाल में पूर्ण किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
मंत्री  ए.के. शर्मा ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास परियोजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button